रोहतास: बिहार के रोहतास जिले में शुक्रवार सुबह स्कूल जा रहे 15 वर्षीय छात्र पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। घटना कछवां थाना क्षेत्र के कैथी गांव में जागू टोला बस स्टैंड के पास हुई। बाइक सवार दो अज्ञात हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
घायल छात्र की पहचान कैथी गांव निवासी दिनेश सिंह के 15 वर्षीय बेटे आशिष कुमार के रूप में हुई है। वह औरंगाबाद जिले के दाउदनगर स्थित ज्ञान गंगा इंटर स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र है।

बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहा था छात्र
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 5:55 बजे आशिष कुमार स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। वह अपने घर से लगभग 800 मीटर दूर जागू टोला बस स्टैंड के पास बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और छात्र पर गोली चला दी।
अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया है कि छात्र को सीने के पास गोली लगी। वारदात के बाद दोनों हमलावर बाइक से फरार हो गए।
अस्पताल में चल रहा इलाज
गोली लगने से घायल आशिष कुमार को इलाज के लिए आरा शहर के महावीर टोला स्थित मेडीकन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद परिजन चिंतित हैं और छात्र की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

