जालंधर -(मनदीप कौर)- कांग्रेस द्वारा जालंधर कैंट से विधायक और पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद उनके जालंधर स्थित घर पर खुशी का माहौल देखने को मिला। परगट सिंह को यह जिम्मेदारी अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद दी गई है।
परगट सिंह इस समय दिल्ली में हैं। वहीं उनके घर पर पत्नी बरिंदर कौर, परिवार के सदस्यों और समर्थकों ने ढोल की थाप पर नाच-गाकर खुशी मनाई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

बरिंदर कौर ने कहा कि परगट सिंह को चुनौतियों का सामना करने का अनुभव है और उन्हें विश्वास है कि वह पंजाब कांग्रेस को मजबूत करने के लिए पूरी मेहनत करेंगे। उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ने की बात भी कही।
उन्होंने बताया कि परगट सिंह से फोन पर करीब पांच मिनट बातचीत हुई और उन्हें पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर शुभकामनाएं दीं। बरिंदर कौर ने इस जिम्मेदारी को परिवार के लिए खुशी और गर्व का अवसर बताया।
इस मौके पर नकोदर हलका इंचार्ज डॉ. नवजोत सिंह धैआ, पार्षद पवन कुमार सहित अन्य समर्थक भी परगट सिंह के निवास पर पहुंचे और परिवार को बधाई दी। समर्थकों ने ढोल की थाप पर जश्न मनाया और परगट सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प लिया।
परगट सिंह ने अपनी नियुक्ति के बाद कहा है कि वह पंजाब में पार्टी को मजबूत करने और जनता की सेवा के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।

