जालंधर -(मनदीप कौर )- शहर में फुटपाथों और सड़कों पर लगने वाली रेहड़ियों को लेकर तहबाजारी विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। तहबाजारी के चेयरमैन मुकेश सेठी ने आज अपने सोशल मीडिया पर लाइव होकर रेहड़ी लगाकर कारोबार करने वालों को स्पष्ट चेतावनी दी।
चेयरमैन मुकेश सेठी ने कहा कि यदि फुटपाथ या किसी अन्य स्थान पर लगाई गई रेहड़ियों के कारण आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है या इनके चलते शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े:-DAV फ्लाईओवर के पास दिनदहाड़े बाइक चोरी, CCTV में कैद चोर
उन्होंने कहा कि शहर में आम लोगों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अतिक्रमण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रेहड़ी लगाने वालों को भी इस बात का ध्यान रखना होगा कि उनकी वजह से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी न हो।
आदर्श नगर इलाके में भी हुई कार्रवाई
बता दें कि चेयरमैन मुकेश सेठी की अगुवाई में बीते दिन आदर्श नगर का पूरा इलाका साफ करवाया गया था। कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ पर लगी रेहड़ियों तथा अतिक्रमण को हटाकर रास्ता साफ करवाया गया।
तहबाजारी विभाग की ओर से अब शहर के अन्य इलाकों में भी फुटपाथ और सड़क किनारे होने वाले अतिक्रमण पर नजर रखी जा रही है। चेयरमैन की चेतावनी के बाद आने वाले दिनों में ऐसे स्थानों पर कार्रवाई तेज होने की संभावना है।

