मोहाली -(मनदीप कौर)- जिले के गांव सनेटा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस चौकी सनेटा के पास दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक घटना के बाद इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।
पुलिस को मिली थी आरोपी के आने की सूचना

मिली जानकारी के अनुसार, CIA स्टाफ की टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी तरनतारन की तरफ से मोहाली की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा किया तो वह गांव की तरफ कार लेकर चला गया। रास्ता बंद होने के बाद उसने कार वहीं छोड़ दी और पुलिस टीम पर कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल
पुलिस के अनुसार, आरोपी की ओर से 2 से 3 राउंड फायर किए गए। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
घायल आरोपी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल मोहाली ले जाया गया। पुलिस ने मौके से एक कार को भी कब्जे में लिया है।
तीन Glock पिस्तौल बरामद होने का दावा
मामले की जानकारी देते हुए SSP वरुण शर्मा के हवाले से बताया गया कि आरोपी के कब्जे से तीन Glock पिस्तौल बरामद की गई हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और हथियारों के स्रोत को लेकर भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी की पहचान गुरदित सिंह के रूप में हुई है और वह तरनतारन का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार वह पहले भी कई वारदातों में शामिल रहा है।
फिरौती की वारदात की साजिश का भी आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी मोहाली में फिरौती से जुड़ी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और उसके साथियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने दो अन्य संदिग्धों के बारे में भी जानकारी दी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें काम कर रही हैं।

