जालंधर -(मनदीप कौर)- लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर बाबा साहेब डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ की घटना के विरोध में अब जालंधर में भी बंद की कॉल दी गई है। इस घटना को लेकर दलित समुदाय और विभिन्न जत्थेबंदियों में भारी रोष है।
कल 9 बजे से शाम 5 बजे तक जालंधर बंद

जत्थेबंदियों की ओर से कल सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक जालंधर शहर बंद रखने का ऐलान किया गया है। बंद की कॉल का मुख्य कारण अंबेडकर प्रतिमा से हुई छेड़छाड़ की घटना और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जताई जा रही नाराजगी है।
बार-बार ऐसी घटनाओं पर जताया रोष
जत्थेबंदियों का कहना है कि बाबा साहेब डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमाओं को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है। उनका आरोप है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की जा रही है।
भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब के अध्यक्ष राजीव गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि की अगुवाई में बंद की कॉल दी गई है।
स्कूल-कॉलेज और मेडिकल दुकानें खुली रहेंगी
बंद के दौरान स्कूल-कॉलेज और मेडिकल दुकानें खुली रखने की बात कही गई है। जत्थेबंदियों ने लोगों से बंद को समर्थन देने की अपील की है।
इस बंद का मुख्य उद्देश्य अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ की घटना के प्रति विरोध दर्ज करवाना और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करना है।

