मोहाली:-(मनदीप कौर)- फेज-5 मार्केट स्थित ‘द ब्लू बैरल्स’ बार पर आबकारी विभाग की टीम ने देर रात रेड की। विभाग को सूचना मिली थी कि बार में बिना वैध लाइसेंस के शराब परोसी जा रही है। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने बार परिसर की जांच की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 100 लीटर बीयर जब्त की। अधिकारियों के मुताबिक जांच में बार में लाइसेंसिंग नियमों का उल्लंघन पाया गया।

अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार आबकारी अधिकारी रजनीश बत्रा, आबकारी निरीक्षक करनदीप सिंह और गुरिंदरपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। विभाग को बार में बिना वैध लाइसेंस शराब परोसे जाने की शिकायत/सूचना मिली थी, जिसके बाद देर रात परिसर की जांच की गई।
सहायक आयुक्त (आबकारी) रोड रेंज अशोक चलोत्रा ने बताया कि पंजाब के आबकारी आयुक्त जितेंद्र जोधवाल के निर्देशों के तहत विभाग गैर-कानूनी तरीके से शराब की बिक्री और परोसने के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।
बार प्रबंधकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू
अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी संस्थान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मोहाली और रोपड़ जिलों में ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
विभाग की ओर से बार प्रबंधकों के खिलाफ पंजाब आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

