बिहार –बिहार के वैशाली जिले में सुबह-सुबह एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सदर थाना क्षेत्र के दिघी नया टोला की बताई जा रही है। मृतक की पहचान कंस्ट्रक्शन ठेकेदार राम नरेश राय के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, राम नरेश राय रोजाना की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने उनका पीछा किया और उन पर गोलियां चला दीं। बदमाशों ने ठेकेदार को बेहद करीब से ताबड़तोड़ करीब 5 गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात
घटना के बाद सामने आई CCTV फुटेज पुलिस जांच में अहम कड़ी मानी जा रही है। फुटेज में मृतक जान बचाने के लिए भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश उनका पीछा करते हुए नजर आते हैं।
पुलिस अब CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
रोजाना सुबह टहलने निकलते थे राम नरेश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राम नरेश राय हर दिन सुबह टहलने के लिए निकलते थे। आमतौर पर उनके साथ करीब 5 से 6 लोग भी रहते थे, लेकिन घटना के समय वह अकेले थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया।
राम नरेश राय अपने माता-पिता के साथ रहते थे, जबकि उनकी पत्नी पटना में रहकर अपने इकलौते बेटे की पढ़ाई-लिखाई संभाल रही हैं। हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
शव को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले गए परिजन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। परिजन शव को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन बाद में बिना पोस्टमार्टम कराए शव को अपने घर वापस ले आए।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
हत्या के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। जांच में सामने आए CCTV फुटेज को अहम सुराग माना जा रहा है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है।

