लुधियाना:-(मनदीप कौर)- गिल चौक के पास डी-मार्ट के नजदीक शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से Activa सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में 20 वर्षीय रोहित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी परवीन गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल परवीन को इलाज के लिए कल्याण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों युवक बस्ती जोधेवाल के बापू स्कूल इलाके में रहते थे और मूल रूप से नेपाल के रहने वाले बताए गए हैं।

यह भी पढ़े:- राधे श्याम डेयरी विवाद में नया मोड़, डेयरी मालिक ने पानी मिलाने के आरोपों को बताया गलत
रोहित के भाई वरिंदर कुमार के अनुसार, रोहित करीब 20 साल का था और सिग्मा कॉलेज से B-Pharmacy की पढ़ाई कर रहा था। परिवार के मुताबिक वह दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और परिचित मौके पर पहुंचे। वहीं चौकी मराडो पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे के दौरान ट्रक की स्थिति, उसकी रफ्तार और चालक की भूमिका के बारे में जानकारी मिल सके।
परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हादसे की पूरी परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होंगी।

