लुधियाना -(मनदीप कौर)- लुधियाना में सरकारी धन के कथित गबन का एक मामला सामने आया है। थाना पीएयू पुलिस ने बिजली विभाग के अधिकारियों की शिकायत के आधार पर विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (JE) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि वर्ष 2023-24 के दौरान सरकारी खाते में जमा की जाने वाली ₹12,25,669 की राशि जमा नहीं कराई गई, जिससे विभाग को आर्थिक नुकसान हुआ।
जांच अधिकारी थाना पीएयू के अनुसार, अग्र नगर स्थित बिजली विभाग के कार्यालय से मिली शिकायत में बताया गया कि आरोपी जेई बिक्कर सिंह पर सरकारी धन जमा न कराने का आरोप है। विभाग ने कई बार पत्र लिखकर संबंधित राशि जमा कराने के निर्देश दिए, लेकिन इसके बावजूद रकम सरकारी खाते में जमा नहीं कराई गई।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/amarnath-yatra-bus-accident-ganderbal/
विभागीय जांच के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने पूरे प्रकरण की जांच की। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर आरोपी जेई के खिलाफ सरकारी राशि में कथित गबन और धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

