कपूरथला:-(मनदीप कौर)-जिले के नवां पिंड भट्ठे गांव में जागरण के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। घटना के दौरान तीन लोग घायल हो गए। फायरिंग की आवाज सुनते ही जागरण में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार गांव में जागरण चल रहा था और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और फायरिंग की बात सामने आई। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

यह भी पढ़े:-Canara Bank में 25 साल बाद सबसे बड़ी डकैती, 23 किलो सोना और ₹43 लाख कैश लूटे
घायलों को पहले सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति देखते हुए उन्हें अमृतसर के गुरु नानक मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया। परिजनों ने बाद में घायलों को जालंधर के एक निजी अस्पताल में भी भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार घायल युवकों के परिजनों के बयानों के आधार पर 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस घटना के पूरे क्रम की जांच कर रही है।
बताया गया है कि दोनों पक्ष गांव के ही रहने वाले हैं और करीब एक महीने पहले भी किसी बात को लेकर उनका विवाद हुआ था। पुलिस अब पुराने विवाद और जागरण के दौरान हुए घटनाक्रम को भी जांच का हिस्सा बना रही है।

