जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में Canara Bank की गोलमुरी शाखा में दिनदहाड़े बड़ी डकैती की वारदात सामने आई है। रिपोर्टों के मुताबिक रेनकोट पहने पांच हथियारबंद बदमाश बैंक में दाखिल हुए और कर्मचारियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। करीब 24 मिनट में बदमाशों ने 23 किलो सोना और ₹43 लाख नकद लेकर फरार हो गए।
बताया गया कि घटना के दौरान बदमाशों ने सुरक्षा गार्ड पर हमला किया और बैंक मैनेजर को पिस्तौल की नोक पर लेकर चेस्ट और गोल्ड लोन सेफ खुलवाया। इसके बाद नकदी और सोने के पैकेट बैग में भरकर आरोपी दो मोटरसाइकिलों से फरार हो गए।

यह भी पढ़े:-परागपुर चौकी में ASI और कांग्रेस नेता की बहस, वीडियो वायरल; नशा तस्करी की शिकायत का मामला
पुलिस के अनुसार वारदात सुबह करीब 9:20 से 9:44 बजे के बीच हुई। बैंक और आसपास की दुकानों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अपराधियों की तलाश के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है और शहर से बाहर जाने वाले रास्तों पर भी जांच तेज की गई है।
बैंक प्रबंधन की ओर से लूटे गए कैश और सोने के सटीक आंकड़ों का मिलान किया जा रहा है। अलग-अलग शुरुआती रिपोर्टों में नकदी और सोने की मात्रा/कीमत के आंकड़ों में अंतर सामने आया है।

