जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर के पॉश इलाके अर्बन एस्टेट में दिनदहाड़े स्नैचिंग की वारदात ने लोगों में दहशत फैला दी। बाइक सवार दो बदमाशों ने 56 वर्षीय महिला सीता देवी के कान की सोने की बाली झपट ली। वारदात इतनी तेज़ी से हुई कि महिला का कान फट गया और खून बहने लगा।
जानकारी के अनुसार, सीता देवी सुबह अपने घर के पास रहने वाले एक परिचित के घर जा रही थीं। जैसे ही वह घर से कुछ दूरी पर पहुंचीं, पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने उनके कान की बाली जोर से खींच ली और मौके से फरार हो गए। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गई और दर्द से चीख उठी।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/harjot-singh-bains-resignation-statement-punjab-education-system/
घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनके कान पर दो टांके लगाए। इस पूरी वारदात की CCTV फुटेज सामने आई है, जिसमें दोनों आरोपी स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।
थाना-7 पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

