पटियाला -(मनदीप कौर)- पंजाब के पटियाला जेल से कैदियों के बीच हिंसक झड़प की खबर सामने आई है। इस घटना में चंडीगढ़ निवासी अजय की मौत हो गई। अजय NDPS (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस) एक्ट के एक मामले में पटियाला जेल में बंद था।
जानकारी के अनुसार, अजय और उसके भाई विजय की अमृतसर के कुछ कैदियों के साथ पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते जेल के अंदर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ कैदियों ने अजय और उसके भाई विजय पर हमला कर दिया।
घटना में गंभीर रूप से घायल अजय को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, उसके भाई विजय का हाथ भी टूट गया है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-urban-estate-woman-earring-snatching-cctv/
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन पहले मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। अब अजय की मौत के बाद इस केस में हत्या की धारा जोड़कर कार्रवाई की जाएगी। अजय कुमार का पोस्टमॉर्टम आज पटियाला में कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।

