जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर के माता गुजरी खालसा स्कूल से बच्चे के अपहरण की सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबर को पुलिस ने तथ्यहीन बताया है। पुलिस के अनुसार, स्कूल परिसर में प्रवेश करने वाला व्यक्ति किसी बच्चे को अगवा करने के इरादे से नहीं आया था।
ACP West के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राम बहादुर, जो बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में मकसूदां मंडी के पास रहता है, शराब के नशे में स्कूल परिसर में पहुंचा था। वह स्कूल में एक बच्चे के दाखिले की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ले रहा था।

यह भी पढ़े:-संगरूर में 3 बच्चों की मौत का खुलासा, मां गिरफ्तार; मिठाई में जहर मिलाने का आरोप
स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उक्त व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस जांच में उसके खिलाफ कोई पुराना आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली। साथ ही, जांच के दौरान किसी बच्चे को अगवा करने या अपहरण की कोशिश से संबंधित कोई तथ्य अथवा शिकायत भी सामने नहीं आई।
पुलिस ने लोगों और मीडिया से अपील की है कि बच्चा उठाने या अपहरण से संबंधित किसी भी अपुष्ट खबर, अफवाह या सोशल मीडिया पोस्ट को बिना सत्यापन के आगे शेयर न करें। पुलिस का कहना है कि ऐसी अपुष्ट जानकारी से लोगों में अनावश्यक डर और भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।
पुलिस स्कूल प्रबंधन के संपर्क में भी है और यह जांच की जा रही है कि संबंधित व्यक्ति स्कूल परिसर में किस तरह दाखिल हुआ। स्कूल की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के साथ अतिरिक्त सुरक्षा उपायों पर भी विचार किया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली जानकारी के बजाय पुलिस या अन्य सक्षम अधिकारियों द्वारा जारी सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करें।

