संगरूर -(मनदीप कौर)- संगरूर जिले के भवानीगढ़ इलाके में तीन मासूम बच्चों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 26 अगस्त को बखोपीर रोड पर एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हुई थी। शुरुआती तौर पर मामला जहरीली मिठाई खाने से हुई फूड पॉइजनिंग का माना गया था, लेकिन पुलिस की विस्तृत जांच के बाद मामला हत्या में बदल गया।
मृतकों में करीब ढाई साल के रिहानदीप सिंह, 5 वर्षीय अरमानदीप सिंह और 6 वर्षीय जसनूर कौर शामिल थे। तीनों की तबीयत मिठाई खाने के बाद बिगड़ी थी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।

यह भी पढ़े:- खरड़ के मंदिर में अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप, 72 घंटे तक पहचान का इंतजार
पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में बच्चों की मौत को फूड पॉइजनिंग मानकर जांच की जा रही थी। लेकिन जब एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हुई और उसी मिठाई को खाने वाले अन्य लोगों के बीमार होने की सूचना नहीं मिली, तो पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को बच्चों की मां लवप्रीत कौर के एक व्यक्ति के साथ कथित संबंध होने की जानकारी मिली। पुलिस का आरोप है कि बच्चों को रास्ते से हटाने के लिए मिठाई में जहरीला पदार्थ मिलाया गया था। पुलिस ने इस मामले में लवप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने हरजीत सिंह, जो जलालाबाद, फाजिल्का का रहने वाला बताया गया है, को भी मामले में नामजद किया है। पुलिस के अनुसार उसकी गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है और उसे पकड़ने के लिए टीमें तलाश कर रही हैं। मामले में जहरीली मिठाई और अन्य साक्ष्यों की जांच भी की जा रही है।

