जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाब के जालंधर जिले के लोहियां खास रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संचालन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि स्टेशन सुपरिंटेंडेंट यशवंत ने बीटीपीएन (पेट्रोल टैंक वैगन) ट्रेन के मैनेजर रवि के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। इस घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर हंगामा मच गया।
ट्रेन को आगे रवाना करने को लेकर हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, जम्मू जाने वाली बीटीपीएन ट्रेन सुबह करीब 11 बजे लोहियां खास रेलवे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन ईंधन से भरी हुई थी, लेकिन उसे आगे रवाना करने या स्टेशन पर रोकने को लेकर कंट्रोल रूम अथवा स्टेशन प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश नहीं मिल रहे थे।
ट्रेन मैनेजर रवि लगातार वॉकी-टॉकी के जरिए स्टेशन सुपरिंटेंडेंट से संपर्क कर रहे थे। जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने लोको पायलट ज्ञान प्रकाश से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
ट्रेन मैनेजर के सिर पर डंडे से हमला करने का आरोप
बताया जा रहा है कि बाद में व्हाट्सऐप के माध्यम से सूचना मिली कि पहले दूसरी ट्रेन को रवाना किया जाएगा। लगातार भ्रम की स्थिति बने रहने पर ट्रेन मैनेजर रवि खुद स्टेशन सुपरिंटेंडेंट यशवंत के पास पहुंचे।
आरोप है कि जब रवि ने ट्रेन रोकने के संबंध में आधिकारिक जानकारी मांगी, तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान स्टेशन सुपरिंटेंडेंट ने कथित तौर पर उनके सिर पर डंडे से हमला कर दिया।
हमले के दौरान ट्रेन मैनेजर के हाथ से मोबाइल फोन भी गिर गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है।
दोनों रेलकर्मियों को किया गया तलब
मामले की गंभीरता को देखते हुए फिरोजपुर रेल मंडल के डिवीजनल ऑपरेशनल मैनेजर गुरशरण पाठक ने दोनों कर्मचारियों को तलब किया है।
रेलवे प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच की जा रही है। वहीं, रेलवे पुलिस ने भी बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद जम्मू जाने वाली बीटीपीएन ट्रेन का रैक दिनभर लोहियां खास रेलवे स्टेशन पर खड़ा रहने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल मामले में विभागीय जांच जारी बताई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियां और संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।

