जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाब पुलिस के Public Grievance System यानी शिकायत निवारण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जालंधर में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान आम लोगों की शिकायतों को प्रभावी और समयबद्ध तरीके से सुनने तथा उनका समाधान करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में पंजाब पुलिस के ADGP एस. राय ने जालंधर रेंज के DIG, SP सहित अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ जमीनी स्तर पर सामने आ रही समस्याओं और शिकायत निवारण व्यवस्था को लेकर विचार-विमर्श किया। बैठक में सामने आए सुझावों को पंजाब पुलिस मुख्यालय, चंडीगढ़ में DGP के समक्ष भी रखा जाएगा।

जमीनी स्तर पर शिकायतों के समाधान पर जोर
ADGP ने कहा कि लोगों की शिकायत दर्ज होने और शिकायतकर्ता को SMS मिलने के बावजूद कई मामलों में लोगों को थानों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इस व्यवस्था में सुधार, जवाबदेही तय करने और शिकायतों के निपटारे की गुणवत्ता बेहतर बनाने को लेकर काम किया जाएगा।
यह भी पढ़े:-फगवाड़ा में शराब के नशे में कार चालक का हंगामा, युवकों को मारी टक्कर
उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब पुलिस का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर जाकर मामले की जांच करना और लोगों को समय पर समाधान उपलब्ध करवाना है।
सांझ केंद्रों में महिला मित्र का कॉन्सेप्ट
बैठक के दौरान लोगों और पुलिस के बीच बढ़ रही दूरी को कम करने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए सांझ केंद्रों में महिला मित्र का कॉन्सेप्ट शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं को समझने और उन्हें बेहतर तरीके से सहायता उपलब्ध करवाने की दिशा में काम करना है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आम जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल से कई समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी तरीके से किया जा सकता है।
पुरानी शिकायतों के जल्द निपटारे पर भी चर्चा
ग्राउंड लेवल पर लंबित और पुरानी शिकायतों को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा की गई। अधिकारियों का कहना है कि शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक देरी को कम करने और पूरी प्रक्रिया को अधिक जवाबदेह बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ADGP ने यह भी कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास मजबूत करना प्राथमिकता है। इसके लिए शिकायत निवारण व्यवस्था में जरूरी सुधारों को लागू करने पर जोर दिया जाएगा।

