लुधियाना -(मनदीप कौर)- जिले के हलवारा एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार सुबह दिल्ली-हलवारा-दिल्ली रूट की Air India फ्लाइट रद्द होने के कारण 110 से ज्यादा यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली से हलवारा आने वाली Air India की AI-481 फ्लाइट एयरपोर्ट पर नहीं पहुंच सकी। वहीं हलवारा से दिल्ली लौटने वाली AI-482 फ्लाइट भी विमान के नहीं आने के कारण रद्द कर दी गई।

एयरपोर्ट पहुंचने के बाद मिली फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी
फ्लाइट के निर्धारित समय से पहले हलवारा एयरपोर्ट पहुंच चुके यात्रियों को उड़ान रद्द होने की जानकारी मिलने के बाद काफी परेशानी हुई। कुछ यात्रियों ने एयरपोर्ट पर ही अगली फ्लाइट का इंतजार किया, जबकि कई लोगों को अपना यात्रा कार्यक्रम बदलना पड़ा।
यह भी पढ़े:-जालंधर में पुलिस की शिकायत व्यवस्था होगी और बेहतर, ADGP ने दिए जरूरी निर्देश
जिन यात्रियों को दिल्ली पहुंचना जरूरी था, उन्हें टैक्सी और अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा। इससे यात्रियों पर अतिरिक्त समय और खर्च का बोझ भी पड़ा।
तीन दिनों में दूसरी बार फ्लाइट रद्द होने से नाराजगी
रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली-हलवारा-दिल्ली उड़ान तीन दिनों के भीतर दूसरी बार रद्द हुई है। लगातार उड़ानें रद्द होने के कारण हलवारा एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाले यात्रियों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
यात्रियों ने मांग की है कि उड़ानों का संचालन निर्धारित समय के अनुसार नियमित रूप से किया जाए, ताकि उन्हें बार-बार होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
यात्रियों ने उठाए सवाल
लगातार फ्लाइट कैंसिलेशन के चलते यात्रियों ने एयरलाइन की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अगर उड़ान रद्द होने की स्थिति बने तो यात्रियों को समय रहते स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि वे समय रहते वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था कर सकें।

