जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर जिले के फिल्लौर क्षेत्र में मंगलवार रात पंजाब रोडवेज की एक बस हादसे का शिकार हो गई। गांव भटियां स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल के पास रात करीब 8 बजे चलती बस का अचानक टायर फट गया, जिससे बस अनियंत्रित हो गई। हादसे में एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कई अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, पंजाब रोडवेज की बस लुधियाना से जालंधर जा रही थी। जैसे ही बस गांव भटियां के पास पहुंची, उसका एक टायर तेज धमाके के साथ फट गया। अचानक हुए इस हादसे से बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
एक यात्री की टांग टूटी, अस्पताल में भर्ती
हादसे में बस में सवार रणजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी टांग टूट गई, जिसके बाद रोड सेफ्टी फोर्स की टीम ने तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें फिल्लौर सिविल अस्पताल पहुंचाया। अन्य घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रोड सेफ्टी फोर्स
रोड सेफ्टी फोर्स के प्रभारी सरबजीत सिंह ने बताया कि राहगीर से सूचना मिलने के तुरंत बाद उनकी टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। मामले की जानकारी फिल्लौर थाना पुलिस को भी दे दी गई। पुलिस ने बस को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।
चालक का आरोप- कई बार की शिकायत के बावजूद नहीं बदले गए टायर
बस चालक कुलदीप सिंह का कहना है कि वह लंबे समय से बस के खराब टायरों को बदलने की मांग कर रहा था। उसने कई बार अधिकारियों को संभावित हादसे की चेतावनी भी दी थी, लेकिन समय रहते टायर नहीं बदले गए। चालक का आरोप है कि यदि समय पर कार्रवाई होती तो इस हादसे से बचा जा सकता था।
यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/hoshiarpur-aap-sarpanch-satpal-singh-mitta-murder/
बस को भी हुआ भारी नुकसान
हादसे के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे। टायर इतनी तेज आवाज के साथ फटा कि उसका असर बस की बॉडी तक पहुंचा और वाहन के अंदरूनी हिस्से को भी नुकसान हुआ। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

