होशियारपुर -(मनदीप कौर)- पंजाब के होशियारपुर जिले के आनंदगढ़ गांव में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच सतपाल सिंह मिट्टा (55) की कथित तौर पर पहले कार से कुचलकर और फिर धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात के पीछे पुरानी रंजिश और पहले हुए विवाद को कारण माना जा रहा है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/ludhiana-shimlapuri-police-arrested-man-with-10-grams-heroin/
घर के बाहर खड़ी गाड़ी को लेकर शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि घटना की शुरुआत घर के बाहर खड़ी एक कार को हटाने को लेकर हुए विवाद से हुई। कुछ ही देर बाद 15 से 20 युवक दो कारों और कई मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सरपंच के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पहले बहस की और फिर हमला शुरू कर दिया।
कार से कई बार कुचला, फिर तलवारों से किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब सरपंच सतपाल सिंह बीच-बचाव करने बाहर आए तो हमलावरों ने उन पर कार चढ़ा दी। आरोप है कि कार को आगे-पीछे कर कई बार उनके ऊपर चढ़ाया गया। इसके बाद भी जब हमलावरों को लगा कि वह जीवित हैं, तो उन्होंने तलवारों और अन्य धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सरपंच को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेटे ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के बेटे राहुल ने आरोप लगाया कि यह हमला पहले से सुनियोजित था। उसके मुताबिक, कुछ समय पहले दो गांवों के युवकों के बीच हुए विवाद में उनके पिता ने समझौता करवाया था। इसी बात को लेकर कुछ लोग रंजिश रखे हुए थे और उसी का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया।
20 से अधिक लोगों पर शक, पुलिस जांच में जुटी
परिजनों ने कई लोगों के नाम लेकर आरोप लगाए हैं और दावा किया है कि हमले में करीब 20 लोग शामिल थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

