जालंधर -(मनदीप कौर )- त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों के खिलाफ सेहत विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में जालंधर में अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में पनीर जब्त किया गया। विभाग की टीम ने पनीर के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया है।
सेहत विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, डिप्टी कमिश्नर और सिविल सर्जन के निर्देशों पर यह विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान रामामंडी चौक के पास पनीर लेकर जा रही एक गाड़ी को रोककर उसकी जांच की गई। गाड़ी से करीब डेढ़ क्विंटल पनीर बरामद हुआ, जिसे अधिकारियों ने कब्जे में ले लिया।

यह भी पढ़े:-जीरकपुर में महिला की चाकू मारकर हत्या, पहले पति पर हमले का आरोप; पुलिस जांच में जुटी
जांच के दौरान सामने आया कि यह पनीर आदमपुर और होशियारपुर की दुकानों में सप्लाई किया जाना था। पूछताछ में पनीर के बड़िंडा स्थित डेयरी से खरीदे जाने की जानकारी सामने आई। विभाग ने पनीर के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार लैब रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी गुणवत्ता को लेकर स्थिति साफ होगी।
इसके अलावा गोल्डन एवेन्यू में भी एक घर के बाहर बड़ी मात्रा में पनीर उतारे जाने की सूचना मिलने पर सेहत विभाग की टीम ने कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब ढाई क्विंटल पनीर जब्त किया और इसके सैंपल भी जांच के लिए भेजे।
इस तरह दोनों कार्रवाई में कुल मिलाकर करीब 4 क्विंटल पनीर विभाग की जांच के दायरे में आया है। अधिकारियों को आशंका है कि यह पनीर कम कीमत पर खरीदकर शहर में दुकानों और रेस्तरां में सप्लाई किया जाना था।
सेहत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में पनीर की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई होगी। विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि वे त्योहारी सीजन में सस्ता या संदिग्ध गुणवत्ता वाला पनीर खरीदने से बचें।

