मोहाली -(मनदीप कौर)- जीरकपुर के दशमेश नगर में करीब 35 वर्षीय महिला की चाकू से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान पूनम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, पूनम पिछले कुछ समय से अपने दूसरे पति के साथ दशमेश नगर में रह रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना से पहले महिला का पहला पति घर आया था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान महिला पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित किया और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी व्यक्ति को अंतिम रूप से दोषी घोषित नहीं किया गया है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट, बयानों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत से जुड़े कई तथ्यों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच आगे बढ़ा दी है। शुरुआती पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस घटना के कारणों और इसमें शामिल व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।

