जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर के थाना आदमपुर के अधीन जंडूसिंघा रोड स्थित नंदा फार्म में लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पीड़ित के अनुसार पिछले करीब 10 दिनों में फार्म और उसके भट्ठे पर छह बार चोरी हो चुकी है। बार-बार शिकायत के बावजूद चोरों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित राकेश चंद नंदा के मुताबिक चोरों ने पहले फार्म से सिलेंडर और मोबाइल समेत सामान चोरी किया था। इसके बाद लगातार वारदातें होती रहीं। एक घटना में चोरों ने फार्म की तारें काटकर तोड़फोड़ की, जबकि अगली वारदात में पैलेस में लगे ट्यूबल और अन्य सामान को निशाना बनाया गया।

यह भी पढ़े:-मोहाली में मामूली बात पर खूनी झड़प, 5 लोग घायल; युवक को सड़क पर ले जाकर पीटा
पीड़ित का कहना है कि कुछ दिन पहले चोर दोबारा पैलेस में पहुंचे और करीब डेढ़ लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी कर फरार हो गए। इन घटनाओं को लेकर पुलिस को लगातार शिकायतें दी गईं और कई मामलों में FIR भी दर्ज हुई, लेकिन आरोप है कि चोरी की वारदातों पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी।
पुलिस को कई बार फोन करने का आरोप
राकेश चंद नंदा ने बताया कि चोरी की घटनाओं के दौरान उन्होंने कई बार पुलिस अधिकारियों को फोन किया। उनके अनुसार उन्होंने एसएचओ को भी चार से पांच बार फोन किया, लेकिन कई बार फोन नहीं उठाया गया। पीड़ित का कहना है कि बाद में एसएचओ से बात हुई तो उन्होंने कार्रवाई का भरोसा दिया।
पीड़ित के अनुसार इसी थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले भी उनके भट्ठे पर चोरी हुई थी। चोर सिलेंडर और मोबाइल लेकर फरार हो गए थे। शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से उनका कहना है कि चोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
CCTV कैमरों में कैद हुई वारदात
नंदा फार्म में हुई चोरी की कुछ घटनाएं CCTV कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है। पीड़ित के अनुसार CCTV फुटेज में संदिग्धों के चेहरे भी दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
घटना स्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर CIA स्टाफ का दफ्तर होने के बावजूद लगातार चोरी की घटनाएं सामने आने पर भी सवाल उठ रहे हैं।
लगातार चोरी से दहशत का माहौल
पीड़ित का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण इलाके के लोगों में डर का माहौल है। उनका आरोप है कि चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और हर घटना के बाद पुलिस की ओर से FIR दर्ज कर कार्रवाई का भरोसा दिया जाता है।
अब पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए और इलाके में रात के समय गश्त बढ़ाई जाए।

