अमरोहा: प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक अजीब मामला जिले के मंडी धनौरा क्षेत्र के गुलड़िया गांव से सामने आया है। यहां प्रेमिका द्वारा मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने से नाराज एक युवक निर्माणाधीन पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक को टंकी पर खड़ा देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया।
25 दिन से नहीं हो रही थी बात

पुलिस के अनुसार, युवक ने बताया कि करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी युवती से दोस्ती हुई थी। बाद में दोनों के बीच बातचीत बढ़ गई और युवक का दावा है कि वह युवती से शादी करना चाहता था।
युवक का कहना था कि करीब 25 दिनों से युवती उससे बातचीत नहीं कर रही थी। उसने उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। इसी बात से परेशान होकर युवक निर्माणाधीन पानी की टंकी पर जा चढ़ा।
टंकी पर खड़े होकर शादी कराने की मांग
युवक करीब आधे घंटे तक टंकी पर खड़ा रहा। नीचे मौजूद लोगों ने उसे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। युवक प्रेमिका से शादी कराने की बात कह रहा था और ऐसा नहीं होने पर टंकी से कूदने की धमकी भी दे रहा था।
मामले की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने युवक से बातचीत कर उसे शांत कराया। काफी समझाने के बाद युवक नीचे उतर आया।
पुलिस युवक को थाने ले गई
नीचे आने के बाद पुलिस युवक को थाने ले गई। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार के मुताबिक मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, युवती की मां की शिकायत पर युवक के खिलाफ छेड़छाड़ समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को उसका चालान भी किया।
मामले में पुलिस की जांच जारी है और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

