जालंधर -(मनदीप कौर)- नकोदर इलाके में ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही एक महिला डॉक्टर को बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर रोककर लूट लिया। वारदात के दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की और महिला डॉक्टर से सोने की चेन, कानों की बालियां और अंगूठी छीनकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, जालंधर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर सुष्मिता अपने ससुर के साथ एक्टिवा पर सवार होकर नकोदर से अपने गांव लौट रही थीं। जब वे नई दाना मंडी के पास पहुंचीं, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने एक्टिवा के आगे अपनी बाइक लगाकर उन्हें रोक लिया।

यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/bathinda-agtf-action-gangster-network-operator-arrested/
बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर डॉक्टर और उनके ससुर को डराया। पीड़ितों के मुताबिक, जैसे ही उन्होंने एक्टिवा रोकी, बदमाशों ने उन्हें धमकाने और दहशत फैलाने के लिए हवा में एक राउंड फायर किया। गोली चलने के बाद दोनों पीड़ित सहम गए।
इसके बाद आरोपियों ने हथियार के बल पर डॉक्टर सुष्मिता के सोने की चेन, कानों की बालियां और एक सोने की अंगूठी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद पीड़ितों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान के लिए वारदात स्थल और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

