जालंधर -(मनदीप कौर)- नूरमहल के खटिका मोहल्ले से लापता 22 वर्षीय युवक आकाश का शव गांव भंडल हिम्मत रोड के पास झाड़ियों से बरामद हुआ है। आकाश पिछले करीब 4-5 दिनों से लापता था और परिजनों ने उसकी तलाश के लिए पुलिस को शिकायत दी थी।
जानकारी के अनुसार, पुलिस युवक की तलाश कर रही थी। इसी दौरान आज बकर खाना के पीछे झाड़ियों में स्थानीय लोगों को शव दिखाई दिया। लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

यह भी पढ़े:-Ghaziabad News: नशे में सड़क पर लड़खड़ाता दिखा पुलिसकर्मी, वीडियो वायरल
शव की पहचान खटिका निवासी सोहन लाल के नाती आकाश के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि आकाश बचपन से ही अपने ननिहाल में रह रहा था और मानसिक रूप से परेशान रहता था। परिवार के मुताबिक, उसके घर से लापता होने के बाद पिछले पांच दिनों से उसकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फिल्लौर भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि शव को कुत्तों ने नुकसान पहुंचाया था।
मामले की जांच एसआई सुभाष चंद्र की अगुवाई में जारी है। पुलिस का कहना है कि यदि परिवार की ओर से कोई शिकायत दर्ज कराई जाती है तो उसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

