जालंधर -(मनदीप कौर)- मकसूदां मंडी में चोरी की एक घटना सामने आई है। यहां एक आढ़ती की दुकान से 2 लाख रुपये से अधिक की नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। चोरी की वारदात दुकान के पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
बैग से गायब मिली नकदी की गुत्थी

जानकारी के मुताबिक, मकसूदां मंडी में मशरूम का कारोबार करने वाले आढ़ती सौरव ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10:05 बजे जब उन्होंने पैसों के लेन-देन के लिए अपना बैग चेक किया, तो उसमें रखी नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने अपने पिता से इस बारे में बात की और दुकान पर मौजूद वर्करों से भी पूछताछ की, लेकिन किसी को पैसों के बारे में जानकारी नहीं थी।
CCTV फुटेज में दिखा संदिग्ध
पीड़ित के अनुसार, जब दुकान के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो सुबह करीब 10:02 बजे एक व्यक्ति दुकान पर आता दिखाई दिया। फुटेज में वह कथित तौर पर नकदी की गुत्थी उठाकर वहां से जाता नजर आ रहा है। पीड़ित का कहना है कि वह व्यक्ति पहले कभी मंडी में दिखाई नहीं दिया था।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना थाना नंबर 1 की पुलिस को दे दी गई है। पुलिस के जांच अधिकारी के अनुसार, मकसूदां मंडी की दुकान नंबर 8 से लाखों रुपये की नकदी चोरी होने की शिकायत मिली है। CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और दुकानदार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल मामले की जांच जारी है।

