जालंधर:-(मनदीप कौर)- महानगर के दिलकुशा मार्केट में सोमवार को पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दवा की दुकानों पर छापेमारी की। टीमों ने एक साथ मार्केट की कई दुकानों पर दबिश दी। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया।
यह कार्रवाई ड्रग इंस्पेक्टर अनुपमा कालिया, सुधा, परमिंदर सिंह और दिनेश सांपला के नेतृत्व में की गई। टीम ने Gupta Agencies में पहुंचकर वहां रखी दवाइयों और रिकॉर्ड की जांच की।

दवाइयों और रिकॉर्ड की हुई जांच
मिली जानकारी के अनुसार, विभाग की टीम ने दुकान में मौजूद दवाइयों के साथ-साथ बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड भी खंगाला। अधिकारियों ने बताया कि दुकान में दवाइयों को स्टोर करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा एक फ्रिज खराब हालत में मिला, जिसे कब्जे में लिया गया।
वहीं, मौके से कुछ प्रतिबंधित दवाइयां भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। टीम ने दवाइयों की बिक्री और रिकॉर्ड से संबंधित जानकारी की भी जांच की।
नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान
अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई नशा तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। पुलिस और ड्रग विभाग की टीमें दवाइयों की बिक्री और रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
फिलहाल विभाग की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किन दुकानों या संबंधित लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाती है।

