लुधियाना -(मनदीप कौर)- जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस की ANTF टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी सगे भाई हैं। उनके कब्जे से 1 किलो 21 ग्राम हेरोइन और ₹41,700 की ड्रग मनी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान 31 वर्षीय अरविंद पाल और 37 वर्षीय अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। ANTF को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति दुगरी-धांधरा रोड इलाके में नशे की सप्लाई करने के लिए आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में रेड की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पुराने मामलों की भी जांच
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गिरफ्तार आरोपी अखिलेश कुमार के खिलाफ लुधियाना के अलग-अलग थानों में 17 मामले दर्ज हैं। वहीं अरविंद पाल के खिलाफ 6 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार इन मामलों में नशा तस्करी, झगड़े और अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े केस शामिल हैं।
यह भी पढ़े:-Jalandhar News: 24 वर्षीय युवती की मौत, छत से छलांग लगाने का मामला
ANTF के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
हेरोइन सप्लाई नेटवर्क की जांच
पुलिस पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी हेरोइन कहां से लेकर आते थे और लुधियाना में किन लोगों को इसकी सप्लाई करते थे। पुलिस आरोपियों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

