जालंधर -(मनदीप कौर)- कोर्ट कॉम्प्लेक्स में उस समय हड़कंप मच गया, जब गैंगस्टर अमन-फतेह और उसका साथी पेशी के लिए पहुंचे। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही दोनों ने वहां से भागने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने छत से छलांग लगाकर पिछले गेट की तरफ भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को काबू कर लिया।
यह भी पढ़े:-Jalandhar में कल बंद रहेंगी मीट-मछली की दुकानें, प्रशासन ने जारी किए सख्त आदेश

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पहले से ट्रैप लगाया हुआ था। जैसे ही आरोपी कोर्ट में अन्य मामले की तारीख पर पहुंचे, पुलिस टीम ने उन्हें घेर लिया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों ने मौके से निकलने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
देवी तालाब मंदिर विवाद से जुड़ा मामला
बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी देवी तालाब मंदिर में हुए विवाद के मामले को लेकर पुलिस हिरासत में लिए गए हैं। इस मामले में आरोपी काफी समय से पुलिस की तलाश में थे। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
वहीं, इसी गैंग को लेकर सूचना देने के मामले में पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह की ओर से थाना बस्ती बावा खेल के SHO जय इंद्र को लाइन हाजिर किए जाने की भी बात सामने आई थी। थाना क्षेत्र में बढ़ती गैंगवार और गैंगस्टरों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई को लेकर भी पुलिस प्रशासन पर सवाल उठे थे।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

