होशियारपुर -(मनदीप कौर)- गढ़शंकर-होशियारपुर मुख्य मार्ग पर एक निजी प्लेस के पास कार और यात्रियों से भरी बस की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/chandigarh-15-august-protest-4-fir-17-arrested/
मिली जानकारी के अनुसार पंजाब रोडवेज डिपो की बस चंडीगढ़ से पठानकोट की ओर जा रही थी। वहीं एक कार होशियारपुर की तरफ से गढ़शंकर की ओर जा रही थी। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के दौरान बस यात्रियों से भरी हुई थी, जिसके चलते बस के अंदर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में कार चालक को कड़ी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला गया। घटना में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त बताया जा रहा है।
बस चालक ने दिखाई सूझबूझ, यात्रियों को सुरक्षित उतारा
हादसे के बाद बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक लिया और यात्रियों को नीचे उतार दिया। इस कदम से बस में सवार यात्रियों को किसी बड़े खतरे से बचाने में मदद मिली।
हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची।
पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच की गई। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और टक्कर की असली वजह क्या रही, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

