सुल्तानपुर लोधी -(मनदीप कौर)- सुल्तानपुर लोधी के गांव सरदुल्लापुर में ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। फायरिंग के दौरान गांव का 25 वर्षीय युवक सुखदीप सिंह पुत्र जस्सा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के चेहरे के बाईं तरफ गोली लगी है। वारदात के बाद आरोपी काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/hoshiarpur-garhshankar-road-bus-car-accident/

बताया जा रहा है कि हमलावर गांव में लगे CCTV कैमरे में कैद हुए हैं। घटना के तुरंत बाद घायल सुखदीप सिंह को सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आगे रेफर कर दिया। परिवार के मुताबिक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
भाई ने बताई पहले भी हमले की कोशिश
घायल सुखदीप सिंह के भाई ने बताया कि इससे पहले भी उसके छोटे भाइयों पर हमला करने की कोशिश हो चुकी है। अब दोबारा फायरिंग कर उसके भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फायरिंग के बाद गांव में दहशत
पिंड वासी करमा ने बताया कि फायरिंग की इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।
पुलिस गंभीरता से कर रही जांच
थाना कबीरपुर के प्रभारी मलकीत सिंह ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि घायल युवक के बयान हासिल करने के बाद मामले में बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

