चंडीगढ़ -(मनदीप कौर)- 15 अगस्त को चंडीगढ़ में कोमी इंसाफ मोर्चा और अन्य संगठनों की ओर से किए गए प्रदर्शनों के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार प्रदर्शन से जुड़े मामलों में 4 FIR दर्ज कर 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कम से कम 34 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर नामजद लोगों की संख्या बढ़ सकती है।
पुलिस के अनुसार कुछ मामलों में प्रदर्शनकारियों पर बैरिकेड पार करने और पुलिस की ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप हैं। तलाशी के दौरान चार तलवारें और कुछ वाहनों से संबंधित बरामदगी का भी पुलिस ने दावा किया है।

चार अलग-अलग FIR में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार FIR नंबर 96 थाना नॉर्थ, चंडीगढ़ में हीरा सिंह चौक पर कोमी इंसाफ मोर्चा के प्रदर्शन से संबंधित मामला दर्ज किया गया। इस मामले में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों का उल्लंघन करने और बैरिकेड पार करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-guru-nanak-mission-chowk-tanker-car-accident/
इस FIR में सिमरनजीत सिंह मान, दीपेंद्र प्रताप सिंह, गोपाल सिंह और गुरप्रीत सिंह के नाम दर्ज हैं। हालांकि, पुलिस नोट के अनुसार इन चारों की गिरफ्तारी के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
FIR नंबर 106 थाना ईस्ट, सेक्टर-26 में दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार सेक्टर 7/8 की डिवाइडिंग रोड पर दो संदिग्ध वाहनों को रोका गया, जिनमें कथित तौर पर QIM से जुड़े लोग सवार थे। पुलिस के मुताबिक दोनों वाहनों से कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया और तलाशी के दौरान चार तलवारें बरामद करने का दावा किया गया।
इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों में ईमान सिंह मान, रघुपाल सिंह, संत बाबा चरणजीत सिंह, जतिंदर सिंह, जसवीर सिंह, गुरपंत सिंह, मनदीप कौर और राजेंद्र कौर के नाम शामिल हैं।
FIR नंबर 137 में 13 लोग नामजद
FIR नंबर 137 थाना सेक्टर-36, चंडीगढ़ में बीएनएस की विभिन्न धाराओं, आर्म्स एक्ट और सरकारी संपत्ति को नुकसान से बचाने संबंधी कानून के तहत दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार सेक्टर 51/52 की डिवाइडिंग रोड पर बड़ी संख्या में कोमी इंसाफ मोर्चा और अन्य संगठनों के सदस्य जमा हुए थे।
पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम करने और चंडीगढ़ में प्रवेश के लिए पुलिस बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। इस FIR में 13 लोगों के नाम दिए गए हैं और पुलिस नोट के अनुसार “अन्य व्यक्ति” भी शामिल हैं।
प्रदर्शन का मुद्दा क्या था?
पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को हुए प्रदर्शनों में प्रदर्शनकारियों की ओर से सिख बंदियों की रिहाई और जगतार सिंह हवारा समेत अन्य सिख बंदियों को पैरोल देने की मांग की जा रही थी। प्रदर्शन चंडीगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर हुए थे और कुछ जगहों पर प्रतिबंधित क्षेत्रों की ओर बढ़ने की कोशिश किए जाने का पुलिस ने दावा किया है।
पुलिस ने इन घटनाओं से संबंधित मामलों में जांच जारी रखी है। जांच आगे बढ़ने पर और लोगों के नाम सामने आने तथा कार्रवाई होने की संभावना जताई गई है।

