फिरोजपुर -(मनदीप कौर )- जिले के जीरा क्षेत्र के मल्ले साह गांव में दो गुटों के बीच फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना में चार लोगों के घायल होने की जानकारी है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां एक युवक को गोली लगने की भी बात सामने आई है।
पोस्टर को लेकर शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, घायलों का आरोप है कि वे कार से जा रहे थे। इसी दौरान गुरप्रीत सिंह सेखों का पोस्टर देखकर कुछ लोगों के साथ उनका विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से फायरिंग कर दी गई।
यह भी पढ़े:-दिल्ली में 28 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, न्यू सब्जी मंडी के पास वारदात
घटना के बाद घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर नरदीप सिंह के अनुसार, सुबह फायरिंग से जुड़े चार घायल अस्पताल पहुंचे थे। उपचार के बाद उन्हें आगे की देखभाल के लिए रेफर किया गया है। घायलों में संगत पाल, सुखवीर, जस्सा और गोविंद के नाम सामने आए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। SHO गुरप्रीत सिंह के अनुसार, घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले में किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। पुलिस फायरिंग के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान को लेकर जांच कर रही है।
गांव में फायरिंग की घटना से दहशत
स्थानीय लोगों के अनुसार, फायरिंग की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग की पूरी वजह और घटना में शामिल लोगों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

