नई दिल्ली -(मनदीप कौर)– राजधानी दिल्ली के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में देर रात एक 28 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। वारदात न्यू सब्जी मंडी के पास हुई, जहां युवक को कई गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है।
मृतक की पहचान जहांगीरपुरी के एच-4 ब्लॉक निवासी आलम के रूप में हुई है। परिजन उसे इलाज के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रात करीब 1:45 बजे मिली गोली चलने की सूचना
पुलिस के अनुसार, रात करीब 1:45 बजे न्यू सब्जी मंडी में दुकान नंबर ए-1500 के पास गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आलम को कई गोलियां मारी गई थीं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
पुलिस ने प्राथमिक सूचना के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के पीछे क्या कारण था और गोली चलाने वाला कौन था, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
फिलहाल हत्या के कारण और आरोपियों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

