पटियाला -(मनदीप कौर)- पटियाला में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शिरोमणि अकाली दल (SAD) के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के करीबी सहयोगी हितेंद्र हैरी के मॉडल टाउन स्थित घर पर छापेमारी की। यह कार्रवाई फरीदकोट पेपर लीक मामले को लेकर अकाली दल के प्रस्तावित सरकार विरोधी प्रदर्शन से ठीक पहले की गई, जिससे पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-railway-sse-bribery-cbi-arrest

जानकारी के अनुसार, ED की टीम तीन वाहनों में हितेंद्र हैरी के घर पहुंची। अधिकारी बिना किसी से बातचीत किए सीधे घर के अंदर दाखिल हुए और मीडिया के सवालों का भी कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने घर के अंदरूनी गेट बंद कर दिए और जांच शुरू कर दी।
देर रात तक चली तलाशी
सूत्रों के मुताबिक, ED की तलाशी देर रात तक जारी रही। जांच के दौरान अधिकारियों ने कई बार ऑनलाइन भोजन भी मंगवाया। बताया जा रहा है कि टीम कई घंटों तक दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच करती रही।
प्रदर्शन से पहले कार्रवाई पर उठे सवाल
यह कार्रवाई उस समय हुई जब शिरोमणि अकाली दल फरीदकोट पेपर लीक मामले को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी कर रहा था। ऐसे में छापेमारी के समय को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
हालांकि, ED ने अभी तक इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। फिलहाल एजेंसी की जांच जारी है और मामले में आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

