चंबा -(मनदीप कौर)- हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहड़ क्षेत्र के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल था।
जानकारी के अनुसार, परिवार अपनी बीमार बच्ची का इलाज पीजीआई चंडीगढ़ से करवाकर अपने घर लौट रहा था। रास्ते में खराब मौसम के बीच यह हादसा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/america-new-asylum-rule/
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय क्षेत्र में तेज बारिश, घना कोहरा और सड़क पर फिसलन थी। खराब दृश्यता के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
एसपी विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रहा है। मृतकों की पहचान और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस के अनुसार, मृतक भरमौर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गेहरा के निवासी बताए जा रहे हैं।
वहीं, एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी पांच लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

