बठिंडा -(मनदीप कौर)– बठिंडा के कोट शमीऱ गांव से बेहद दुखद खबर सामने आई है। गांव में एक ही दिन चार लोगों की मौत होने से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। शुरुआती जानकारी के अनुसार चारों की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी।
मृतकों की पहचान हरमनेक सिंह के पुत्र एवं पूर्व पंच गुरजंट सिंह, पृथ्वी सिंह के पुत्र गुरमेल सिंह उर्फ गैली, गांधी प्रजापत और स्वर्गीय अंग्रेज सिंह के पुत्र गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है।

दो मृतक थे युवा
जानकारी के अनुसार मृतकों में गुरमेल सिंह उर्फ गैली और गुरप्रीत सिंह युवा थे। दोनों की अचानक मौत से उनके परिवारों को गहरा सदमा पहुंचा है। वहीं गुरजंट सिंह और गांधी प्रजापत उम्रदराज थे। एक ही दिन गांव के चार लोगों की मौत की खबर से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं।
खेती और इलेक्ट्रिकल काम से जुड़े थे मृतक
बताया गया है कि गुरजंट सिंह खेतीबाड़ी का काम करते थे, जबकि गुरमेल सिंह उर्फ गैली इलेक्ट्रिकल मैकेनिक थे।
वहीं गुरप्रीत सिंह के पिता स्वर्गीय अंग्रेज सिंह का कुछ वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद गुरप्रीत सिंह को अपने पिता की जगह पुलिस विभाग में नौकरी मिली थी। अब गुरप्रीत सिंह की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पूरे गांव में शोक का माहौल
कोट शमीऱ में एक ही दिन चार लोगों की मौत की घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। अलग-अलग उम्र के चार लोगों के अचानक निधन से ग्रामीणों में भी गहरा दुख और हैरानी है।

