नई दिल्ली -(मनदीप कौर)- श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह IndiGo की फ्लाइट के साथ पार्किंग के दौरान एक घटना हो गई। नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची IndiGo फ्लाइट 6E 225 को Bay Number 06 पर पार्क किया जा रहा था। इसी दौरान विमान एयरपोर्ट पर लगे Visual Docking Guidance System (VDGS) पोल के संपर्क में आ गया।
पार्किंग के दौरान हुआ हादसा

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार घटना सुबह करीब 9:02 बजे हुई। विमान लैंडिंग के बाद पार्किंग पोजीशन की ओर बढ़ रहा था, तभी उसका संपर्क VDGS पोल से हो गया।
घटना की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद विमान के पोल से टकराने का दृश्य सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है।
सभी यात्री और क्रू सुरक्षित
राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है। विमान में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यात्रियों और क्रू को मैनुअल सीढ़ियों के जरिए विमान से उतारा गया।
विमान को हुआ नुकसान, जांच शुरू
पोल से संपर्क के बाद विमान के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचने की रिपोर्ट सामने आई है। हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ और इसमें किस स्तर पर चूक हुई, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।
अधिकारियों ने साफ किया है कि फिलहाल घटना के कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। संबंधित एजेंसियां निर्धारित प्रक्रिया के तहत मामले की जांच करेंगी।
श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य
इस घटना के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ। अधिकारियों के मुताबिक आगमन और प्रस्थान सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहीं।

