अमृतसर -(मनदीप कौर)- हिमाचल प्रदेश के शाहतलाई के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाबा बालक नाथ मंदिर में दर्शन कर पंजाब लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।


जानकारी के अनुसार, बस अमृतसर से श्रद्धालुओं को लेकर बाबा बालक नाथ के दर्शन के लिए शाहतलाई पहुंची थी। दर्शन करने के बाद जब बस वापस पंजाब लौट रही थी, तभी शाहतलाई के समीप चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद बस सड़क पर पलट गई और उसमें सवार कई यात्री घायल हो गए।
यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/jalandhar-truck-accident-goraya-overbridge/
हादसे की सूचना मिलते ही शाहतलाई पुलिस, स्थानीय टैक्सी यूनियन के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अलग-अलग अस्पतालों तक पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआती समय में सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण कुछ घायलों को निजी अस्पताल भेजना पड़ा।
बिलासपुर के डिप्टी कमिश्नर राहुल कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की जान गई है। घायलों का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

