जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाब के जालंधर जिले के गोराया के पास नेशनल हाईवे पर देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। गोराया ओवरब्रिज पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक पुल से नीचे जा गिरा, जबकि दूसरा ट्रक पुल पर ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एसएसएफ प्रभारी जसविंदर सिंह के अनुसार एमडीटी (MDT) डिवाइस के जरिए हादसे की जानकारी मिलते ही टीम ने राहत अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को ट्रक से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार देने के बाद सरकारी वाहन से सिविल अस्पताल फिल्लौर भेजा गया।
यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/amritpal-singh-lok-sabha-monsoon-session-permission/
हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। इसके बाद क्रेन और हाइड्रा मशीन की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाया गया। रास्ता साफ होने के बाद यातायात को दोबारा सामान्य किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों ट्रक जालंधर से लुधियाना की ओर जा रहे थे। ओवरब्रिज पर चढ़ाई के दौरान दोनों वाहनों की टक्कर हो गई, जिससे एक ट्रक पुल से नीचे गिर गया। घटना की सूचना गोराया थाना पुलिस और नेशनल हाईवे की टीम को भी दी गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा काफी भयावह था। दुर्घटना में दोनों ट्रकों को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि समय रहते राहत दल के पहुंचने से घायल चालक को तुरंत इलाज मिल सका।

