अमृतसर -(मनदीप कौर)- अजनाला में थाने से घर लौट रहे GGRP में तैनात ASI सुखचैन सिंह पर 3 बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। घटना में एक गोली ASI की बाईं बाजू में लगी और आर-पार हो गई। वारदात के बाद तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 7 बजे सुखचैन सिंह ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। जब वह गांव जगदेव खुर्द के पास एक पुल पर पहुंचे तो बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी।

यह भी पढ़े:-रिंदा गैंग से जुड़ा 24 साल का रणदीप सिंह गिरफ्तार, 70 दिन से था फरार
फायरिंग के दौरान एक गोली सुखचैन सिंह की बाईं बाजू में लगी और आर-पार हो गई। घायल ASI को परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत ठीक बताई जा रही है।
सुखचैन सिंह ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय ASI पुलिस की वर्दी में नहीं थे और सादे कपड़ों में घर लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। DSP धर्मेंद्र कल्याण, स्थानीय SHO और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सिविल अस्पताल तथा घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने 3 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस तकनीकी सहायता के जरिए हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
जांच के दौरान साल 2019 में सुखचैन सिंह के भाई की हत्या का मामला भी सामने आया है। पुलिस इस एंगल को भी जांच में शामिल कर रही है, हालांकि मौजूदा हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

