अमृतसर -(मनदीप कौर)- अमृतसर के गेट हकीमा क्षेत्र के बी ब्लॉक इलाके में टी-प्वाइंट के पास एक 21 वर्षीय युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। घायल युवक की पहचान अमित के रूप में बताई जा रही है। गोली लगने के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से एक खोल भी बरामद हुआ है।

जन्मदिन पर घर में काटा था केक, दोस्तों के साथ निकला था अमित
परिवार के अनुसार, अमित के जन्मदिन के मौके पर घर में केक काटा गया था। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ बाहर कुछ खाने-पीने के लिए निकला था। परिवार का आरोप है कि इसी दौरान दो युवक एक्टिवा पर उनका पीछा करते हुए पहुंचे और कथित तौर पर अमित पर फायरिंग कर दी।
यह भी पढ़े –https://chardapunjabtv.com/jalandhar-kishangarh-adampur-road-accident/
परिवार के एक सदस्य सागर के मुताबिक, इससे कुछ समय पहले बच्चों के बीच मामूली विवाद हुआ था। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। परिवार का आरोप है कि करीब डेढ़ घंटे बाद अमित जब अपने साथियों के साथ एक्टिवा पर बाहर जा रहा था, तभी पीछे से आए युवकों ने फायरिंग कर दी।
गोली अमित के जबड़े के पास लगी, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई।
परिवार ने दो युवकों पर लगाया आरोप
परिवार की ओर से फायरिंग करने वाले युवकों के नाम नीतिश और गोश बताए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार का यह भी आरोप है कि घटना के बाद पुलिस के मौके पर पहुंचने में देरी हुई और उन्हें काफी देर तक थाने में कार्रवाई का इंतजार करना पड़ा।
पुलिस ने दर्ज किया घायल का बयान
मौके पर पहुंचे एसीपी सुरिंदर सिंह ने बताया कि गेट हकीमा के बी ब्लॉक इलाके में फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच की। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार घायल का बयान दर्ज किया गया है, जिसमें उसने दो युवकों के नाम बताए हैं। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोल भी बरामद किया है। फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फायरिंग के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस जांच जारी
अमृतसर के गेट हकीमा इलाके में हुई इस फायरिंग के बाद पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

