अमृतसर -(मनदीप कौर)- पंजाब के अमृतसर में पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक असॉल्ट राइफल बरामद की गई है। यह हथियार कंबोह थाना क्षेत्र के लुहारका रोड पर कैंब्रिज स्कूल के पास एक खाली प्लॉट से मिला। बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली थी सूचना

मिली जानकारी के अनुसार, मिलिट्री इंटेलिजेंस ने कंबोह पुलिस को सूचना दी थी कि कैंब्रिज स्कूल के पास स्थित खाली प्लॉट में कोई खतरनाक हथियार या गोला-बारूद छिपाया गया हो सकता है। सूचना मिलने के बाद ASI सरवन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और मिलिट्री इंटेलिजेंस के जवानों ने इलाके में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया।
यह भी पढ़े:- जालंधर में अवैध शराब का कारोबार! पुलिस रेड में 20 पेटी बरामद, आरोपी गिरफ्तार
तलाशी के दौरान खाली प्लॉट से पीले रंग के पैकेट में लिपटी एक असॉल्ट राइफल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर मामले की आगे की कार्रवाई शुरू की।
अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
इस घटना के संबंध में कंबोह थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार वहां किसने रखा था और इसके पीछे क्या मकसद था।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। हथियार से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित आरोपियों के बारे में आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।

