लुधियाना -(मनदीप कौर)- जिले के भाई वाला चौक स्थित नामी होटल पार्क प्लाजा में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बैंक की टीम भारी पुलिस बल के साथ होटल परिसर में पहुंची। मौके पर करीब 20 से 25 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। बैंक की टीम की इस कार्रवाई के बाद होटल परिसर में हलचल बढ़ गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, बैंक की टीम सुबह पुलिस बल को साथ लेकर होटल पहुंची। बताया जा रहा है कि चंडीगढ़ की लोक अदालत की ओर से होटल को लेकर एक अटैचमेंट नोटिस जारी हुआ है। इसी के तहत होटल के कुछ कमरों को सील किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।

होटल में अधिकारियों की बंद कमरे में बैठक
मौके पर आला अधिकारी मौजूद हैं और होटल प्रबंधन के साथ बंद कमरे में बातचीत चल रही है। फिलहाल बैंक या पुलिस प्रशासन की ओर से कार्रवाई की आधिकारिक वजह स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/amritsar-gate-hakima-21-year-old-youth-shot-firing/
हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल और बैंक अधिकारियों की कार्रवाई के चलते होटल परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
होटल का रोजमर्रा का काम प्रभावित नहीं
जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के बावजूद होटल में आने वाले मेहमानों की आवाजाही और बाकी सेवाएं सामान्य दिनों की तरह चल रही हैं। होटल के रोजमर्रा के कामकाज पर फिलहाल कोई बड़ा असर दिखाई नहीं दे रहा।
फिलहाल बैंक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई जारी है। मामले से जुड़ी पूरी स्थिति अधिकारियों की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

