जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर के भार्गव कैंप इलाके में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज मिली है, जिसमें वारदात के बाद कुछ आरोपी मौके से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर चुकी है।
यह भी पढ़े :- https://chardapunjabtv.com/jalandhar-bhargav-camp-firing-news/

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या के प्रयास), आर्म्स एक्ट और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। एफआईआर में संदीप पावा, बोनी, तोता और डीसी सहित चार लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 10 से 12 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों के लाइसेंस की भी जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
जानकारी के अनुसार एक्साइज विभाग की टीम और कथित नशा तस्करों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग हुई थी। गोली चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही भार्गव कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से एक गोली का खोल भी बरामद किया।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

