अमृतसर -(मनदीप कौर)- पंजाब के अमृतसर जिले के भगतांवाला रेलवे क्रॉसिंग के पास एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पीसीआर पुलिसकर्मी ने नशे की हालत में सरकारी वाहन चलाते हुए उसे रेलवे ट्रैक पर चढ़ा दिया। गनीमत रही कि समय रहते वाहन को ट्रैक से हटा लिया गया, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिसकर्मी नशे की हालत में वाहन चला रहा था और संतुलन बिगड़ने के कारण गाड़ी सीधे रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई। घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क और रेल यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर वाहन को ट्रैक से हटाया और पुलिसकर्मी की वीडियो भी बनाई।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और संबंधित पुलिसकर्मी को अपने साथ ले गए। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/jalandhar-bhargav-camp-firing-cctv-police-case-bns-109/
एडीसीपी सिटी-1 विशालजीत सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि पुलिसकर्मी जांच में दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ विभागीय नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

