अमृतसर -(मनदीप कौर)- पंजाब पुलिस को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने ISI समर्थित दो सीमा पार आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए चार नाबालिगों समेत कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध पिस्टल, चार पेट्रोल बम और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे ISI हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहे थे। जांच के अनुसार इनका उद्देश्य स्थानीय युवाओं को आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करना, सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी करना, अवैध हथियार जुटाना और प्रदेश में कानून-व्यवस्था व सार्वजनिक शांति को प्रभावित करना था।

यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/charanjit-singh-channi-ke-khilaf-poster-firozpur/
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने रेलवे ट्रैक के पास निगरानी कैमरे लगाए थे। पुलिस को आशंका है कि इन कैमरों की फुटेज विदेशी हैंडलरों के साथ साझा की जा रही थी। इस पूरे नेटवर्क के जरिए संवेदनशील गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
इस मामले में थाना मोहकमपुरा, एयरपोर्ट थाना और सी-डिवीजन, अमृतसर में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान, उनके आगे-पीछे के लिंक, फंडिंग के स्रोत और किसी अन्य आतंकी गतिविधि में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि पंजाब की शांति, सुरक्षा और संप्रभुता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

