अमृतसर -(मनदीप कौर)- रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही देशभर में राखी भेजने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच भारतीय डाक विभाग से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय डाक कर्मचारी महासंघ ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में 5 अगस्त को देशव्यापी एक दिवसीय हड़ताल और 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है। इससे रक्षाबंधन के दौरान डाक सेवाओं के प्रभावित होने की संभावना बढ़ गई है।
कर्मचारी संगठनों का कहना है कि डाक विभाग में कर्मचारियों की भारी कमी है, जबकि काम का बोझ लगातार बढ़ रहा है। कर्मचारियों पर अव्यावहारिक लक्ष्य थोपे जा रहे हैं और निजीकरण की नीतियों से भी कर्मचारियों में नाराजगी है। यूनियनों ने आरोप लगाया कि वरिष्ठ अधिकारी कर्मचारियों पर लक्ष्य पूरा करने का दबाव बना रहे हैं, जिससे उन्हें मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/amritsar-isi-terror-module-busted/
इसी मुद्दे को लेकर भारतीय डाक कर्मचारी संघ के पंजाब सर्कल की अमृतसर स्थित सर्कल मुख्यालय में बैठक हुई। बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा करते हुए आंदोलन को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। यूनियन नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं तो 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
डाक कर्मचारियों की इस हड़ताल का असर रक्षाबंधन के दौरान राखी, दस्तावेज और अन्य डाक पार्सलों की डिलीवरी पर पड़ सकता है। ऐसे में जिन लोगों को डाक के माध्यम से राखी भेजनी है, उन्हें समय रहते अपनी राखी भेजने की सलाह दी जा रही है।

