जालंधर -(मनदीप कौर)- कनाडा के टोरंटो साउथ डिटेंशन सेंटर में तैनात जालंधर मूल की महिला जेल अधिकारी निशवंत कौर दोसांझ गंभीर आरोपों के कारण चर्चा में हैं। उन पर जेल में बंद पंजाबी कैदी गुरप्रीत सिंह के साथ कथित निजी संबंध रखने का आरोप लगाया गया है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, महिला अधिकारी ने अपनी ड्यूटी उसी जेल ब्लॉक में लगवाई थी, जहां गुरप्रीत सिंह बंद था। आरोप है कि दोनों के बीच जेल के आधिकारिक फोन के अलावा एक कथित अवैध मोबाइल फोन के जरिए भी संपर्क होता था।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/satluj-removed-from-ott/
जांच में यह भी दावा किया गया है कि कैदी ने महिला अधिकारी को महंगे गिफ्ट दिए, कॉस्मेटिक सर्जरी का खर्च उठाया और विदेश यात्राओं का भी भुगतान किया। हालांकि इन आरोपों पर अभी अदालत में सुनवाई जारी है और अंतिम फैसला आना बाकी है।
यह मामला तब सामने आया जब एक वरिष्ठ जेल अधिकारी की हत्या की कथित साजिश की जांच शुरू हुई। पुलिस का आरोप है कि महिला अधिकारी ने वरिष्ठ अधिकारी की कार की नंबर प्लेट की तस्वीर कैदी तक पहुंचाई, जिससे उसकी पहचान करने में मदद मिली और कथित साजिश रची गई।
3 जुलाई को अदालत की अनुमति मिलने के बाद 563 पन्नों के जांच दस्तावेज सार्वजनिक किए गए, जिनमें इन आरोपों का उल्लेख है। फिलहाल निशवंत कौर दोसांझ को पेड लीव पर भेज दिया गया है, जबकि गुरप्रीत सिंह अभी भी जेल में बंद है।
नोट: यह मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है। जांच में लगाए गए आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं और अंतिम फैसला अदालत के निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगा।

